शिवरतनगंज-गोयन पेड़रिया मार्ग जर्जर, स्कूली बच्चे और ग्रामीण परेशान
तिलोई,अमेठी। सिंहपुर विकासखंड के शिवरतनगंज से गोयन पेड़रिया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां और खराब सतह राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। सबसे अधिक परेशानी रोजाना इसी मार्ग से स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है।सुबह-शाम साइकिल और पैदल स्कूल जाने वाले बच्चे जर्जर सड़क पर संभलकर चलने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढों के कारण कई बार साइकिल सवार बच्चे असंतुलित होकर गिर जाते हैं और चोटिल भी हो जाते हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बच्चों की ड्रेस और किताबें भी खराब होने की समस्या सामने आती है।ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति के कारण महज 10-15 मिनट में पूरा होने वाला सफर कई बार आधे घंटे से अधिक समय में तय करना पड़ता है। वहीं, वाहनों के गड्ढों से गुजरने पर कीचड़ और गंदा पानी उछलकर पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों पर पड़ जाता है।जर्जर मार्ग को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है। बच्चों के स्कूल जाने के बाद उनके सुरक्षित वापस घर लौटने तक परिजन आशंकित रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।क्षेत्रीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मार्ग की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत, डामरीकरण और आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरत है। इसलिए बच्चों की सुरक्षा और क्षेत्र के विकास को देखते हुए सड़क का कायाकल्प प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना चाहिए।
Post a Comment