हापुड़ जिले के गांव बदनौली में खूनी तांडव व पथराव, महिला समेत तीन को लगी गोली, ADG ने किया मौके का निरीक्षण
मामले में 13 नामजद सहित बड़ी संख्या में अज्ञात पर एफआईआर दर्ज, गांव में अग्रिम आदेश तक पुलिस बल तैनात
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में शुक्रवार की सुबह दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश में कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष हुआ। गांव के ही कुछ लोगों ने अनुसूचित जाति पक्ष के लोगों के घर पहुंचकर जमकर पथराव के साथ कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव के लोग दहशत में घरों में दुबक गए। घटना में गोली लगने से पीड़ित पक्ष के एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि पथराव में एक युवक भी घायल हुआ है। तीनों घायलों को मेरठ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। मेरठ रेंज के एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, हापुड़ डीएम कविता मीना व एसपी ज्ञानंजय सिंह ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव में जहां पुलिस और पीएससी तैनात की गई है, वहीं आरोपियों की धरपकड़ के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूर्व प्रधान संदीप चौधरी का गांव के ही अंश से एक जून को गांव के एक जिम में झगड़ा हुआ था। इसके बाद अंश जब गांव स्थित एक इन्वर्टर की दुकान पर बैठा हुआ था तभी आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमले का वीडियो भी उस समय सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों पर बलवे की धारा में कार्रवाई की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच कर मामले में अंश की तहरीर पर दस नामजद व कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ हमले व एससी-एसटी एक्ट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों में लगातार रंजिश चल रही थी।
शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे गांव निवासी राजकुमार अपने पुत्र अंश व आदी उर्फ आरव के साथ काम पर जा रहे थे। घर से करीब सौ मीटर दूर स्थित तिराहे पर पहुंचने पर उनकी पूर्व प्रधान संदीप चौधरी के पुत्र अंश चौधरी व संगम चौधरी से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट की सूचना पर अंश चौधरी व संगम के पिता पूर्व प्रधान संदीप चौधरी, चाचा सचिन चौधरी समेत कई लोग अपने हाथों में अवैध पिस्टल, तमंचे व पौनिया लेकर दूसरे पक्ष का पीछा करते हुए उनकी गली में घुस आए।
इसके बाद आरोपियों ने पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। दूसरे पक्ष की ओर से भी पथराव हुआ। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी करीब आधा घंटे तक ताबड़तोड़ फायरिंग के साथ पथराव करते रहे, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। करीब 20 राउंड फायरिंग में गोली लगने से पीड़ित पक्ष के दीपक उर्फ गोलू, बंटी उर्फ विजय व महिला मुनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव में ईंट लगने से अंकित भी घायल हो गया। हालांकि दूसरे पक्ष के जितेंद्र ने भी गोली लगने से घायल होने का दावा किया है। गोली लगने से घायल तीनों लोगों को मेरठ हायर सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर है। पथराव व फायरिंग की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मेरठ और हापुड़ से आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की और गांव में शांति व्यवस्था बहाल की। पुलिस ने फिलहाल चार लोगों को हिरासत में लिया है।
मेरठ के एसपी व एडिशनल एसपी को मिली जांच
मेरठ रेंज के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि मामले की जांच मेरठ के एसपी देहात व एडिशनल एसपी को सौंपी गई है। घटना में जो भी लोग शामिल हैं, सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके साथ ही अग्रिम आदेश तक गांव में पुलिस बल तैनात रहेगा।
Post a Comment