⚡ ब्रेकिंग News

70 करोड़ की लागत से उंचगांव में बनेगा ट्रांसमिशन पावर हाउस, बाजार शुक्ल को मिलेगी 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति

70 करोड़ की लागत से उंचगांव में बनेगा ट्रांसमिशन पावर हाउस, बाजार शुक्ल को मिलेगी 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति

केएमबी खुर्शीद अहमद
बाजार शुक्ल,अमेठी। जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार को नई ऊर्जा मिलने जा रही है। क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं निर्बाध बनाने के लिए शुकुल बाजार क्षेत्र के उंचगांव में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से नए ट्रांसमिशन पावर हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना से शुकुल बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों को 24 घंटे निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।इस परियोजना की खास बात यह है कि करीब 46 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्षेत्र में दूसरा ट्रांसमिशन पावर हाउस स्थापित होने जा रहा है। 80 के दशक में(बीएचईएल) कठौरा में ट्रांसमिशन पावर हाउस का निर्माण हुआ था। इसके बाद अब विधायक सुरेश पासी के निरंतर प्रयासों से उंचगांव में दूसरा ट्रांसमिशन पावर हाउस बनने का रास्ता साफ हुआ है।
विधायक सुरेश पासी ने बताया कि ट्रांसमिशन पावर हाउस के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल शुकुल बाजार की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आसपास के कई जिलों और क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी। प्रस्तावित ट्रांसमिशन पावर हाउस से शुकुल बाजार क्षेत्र को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही सुल्तानपुर, अयोध्या और बाराबंकी जनपदों के विभिन्न सब-स्टेशनों को भी विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे विद्युत आपूर्ति के दौरान होने वाले तकनीकी व्यवधानों में कमी आने के साथ ही औद्योगिक, व्यावसायिक, कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलने की संभावना है।
विधायक सुरेश पासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए सड़क, बिजली, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम कराया जा रहा है। उंचगांव का ट्रांसमिशन पावर हाउस इसी विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए ट्रांसमिशन पावर हाउस के निर्माण से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। परियोजना के पूरा होने के बाद शुकुल बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता और आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आने की संभावना है। 46 वर्ष बाद मिली यह बड़ी विद्युत सौगात जगदीशपुर विधानसभा के विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...