लगातार तीन दिनों से बिजली गायब, भारी उमस और अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण
तिलोई,अमेठी। सेमरौता पावर हाउस के अंतर्गत पन्हौना गांव में आज तीन दिनों से दो हजार से अधिक आबादी के लोगों को बिना बिजली के भीषण गर्मी में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जिससे बरसात के मौसम में उमस भरी इस चिपचिपाती गर्मी से उपभोक्ताओं का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। वही रात्रि में विषैले जीव-जंतुओं का खतरा ऊपर से बना रहता है। विद्युत विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारीगण ग्रामीणों को बिजली न मिलने की सही जानकारी नही दे पा रहे हैं। जिसके कारण उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश फैला हुआ है। पन्हौना निवासी शैलेंद्र चंद्र मिश्रा, मुरलीधर तिवारी, मुरारीलाल तिवारी, अमित तिवारी, रामजी शुक्ल, सत्य प्रकाश, श्याम सुंदर मुन्नू आदि ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि से गांव में बिजली गायब हैं। बारिश के मौसम में बिजली न मिलने से बच्चों एवं बुजुर्गों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में उमस भरी भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वही रोजमर्रा के दैनिक कार्य भी बिजली व्यवस्था नही होने से पूरी तरह प्रभावित है। इस संबंध में जब विद्युत उपकेंद्र समरौता के अवर अभियंता एस के यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल फोन नही उठा।
Post a Comment