दीपावली के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से जनपद में हलचल
अमेठी। दीपावली के त्योहार के दृष्टिगत जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अयोध्या नगर स्थित अनु स्वीट हाउस का निरीक्षण कर पेड़ा का नमूना संग्रहित किया और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि अनु स्वीट हाउस के प्रोपराइटर त्रिभुवन मोदनवाल पुत्र राम मोदनवाल के प्रतिष्ठान से पेड़ा का एक नमूना लिया गया। नमूने को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सचल दल में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सतीश कुमार शुक्ला एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीकिशुन चौहान शामिल रहे। विभाग द्वारा त्योहारों के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
Post a Comment