हापुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश; सात आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हापुड़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने प्रीत विहार के पास से अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह के सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पशु, अवैध हथियार, धारदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले दो वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से हापुड़ नगर और पिलखुवा थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए पशु बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और चार धारदार चाकू भी जब्त किए गए हैं। चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले छोटा हाथी और पिकअप वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी के तीन मुकदमों से संबंधित दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान उर्फ भैंसा, मनीष, दीपक, सागर, मोहसीन, रहीश और यामीन के रूप में हुई है। सभी आरोपी गाजियाबाद और हापुड़ जनपद के निवासी बताए गए हैं।
यह कार्रवाई एसपी हापुड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई को पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Post a Comment