डीएम ने दिव्यांग महिला को दिलवाई ट्राईसाइकिल, आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश
अमेठी। शासन के निर्देश पर शनिवार को अमेठी की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। गौरीगंज तहसील में पिंक समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना। तिलोई के भदसाना गांव की दिव्यांग रेनू प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचीं। रेनू ने बताया कि वह दिव्यांग हैं और उनके पास रहने के लिए घर नहीं है। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला विकास अधिकारी को नियमानुसार आवासीय सुविधा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।दिव्यांग महिला की परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही उन्हें ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई, जिससे उन्हें आने-जाने में सुविधा मिल सके। ट्राईसाइकिल मिलने पर रेनू ने खुशी जताते हुए जिलाधिकारी का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि आवास की शिकायत पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए और तत्काल ट्राईसाइकिल भी मिल गई। समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Post a Comment