परीक्षा देकर स्कूल से घर लौट रहे छात्र-छात्राओं को बाइक सवार ने मारी टक्कर, 2 के पैर टूटे
बिछुआ के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बिछुआ के पास हुआ हादसा
सड़क हादसों का बढ़ता ग्राफ अब लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। ताजा मामला बिछुआ के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के सामने से आया है। यहां सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकल रहे विद्यार्थियों के बीच एक अनियंत्रित बाइक घुस गई। बाइक की चपेट में आने से छह बच्चें घायल हो गए। हादसे में बाइक चला रहे दोनों नाबालिग बच्चों को भी चोटें आई हैं। घायलों में दो बच्चों के पैरों में फ्रैक्चर आया है, जबकि एक बच्ची के सिर में चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए छिंदवाड़ा रेफर किया गया। साथ ही तत्काल बच्चों को देखने चौरई विधायक सुजीत सिंह चौधरी, बीईओ रविकांत अहरवार, उत्कृष्ट विद्यालय बिछुआ प्राचार्य दिलीप डाले, नगर कार्यवाहक अध्यक्ष सुनील साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और शिक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछुआ पहुंचे।
हादसे में घायल बच्चों की पहचान शशांक दुबे (14), पिता लक्ष्मीकांत, प्रखर मानमोड़े (14), पिता मनीष, अनुष्का (14), पिता सीनु बेडवार, सभी निवासी बिछुआ, सारा कुरैशी (14), पिता सलीम कुरैशी, जरीन खान (14), पिता जुनेद और सागर (13), पिता कृष्ण सातनकर के रूप में हुई है। सभी घायल बच्चें कम उम्र के हैं। जबकि हादसे में 2 बच्चों के पैरों में फ्रैंक्चर भी आया है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, एक्सीलेंस स्कूल में परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दो नाबालिग बच्चें होंडा हारनेट की बाइक लेकर वहां से गुजर रहे थे। अचानक बाइक असंतुलित होकर विद्यार्थियों की ओर चली गई। जब तक बच्चें कुछ समझ पाते, बाइक की चपेट में आकर छह विद्यार्थी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बिछुआ अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद स्कूल के सामने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग उठी है। एक्सीलेंस स्कूल में बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ते हैं। परीक्षा और छुट्टी के समय बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में स्कूल के सामने वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण बन सकती है। इस संबंध में कलेक्टर और संबंधित विभाग से चर्चा कर स्पीड ब्रेकर बनवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के इलाज में आर्थिक सहायता का भरोसा भी दिलाया गया है।
Post a Comment