सुल्तानपुर में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर जानलेवा हमला, नायब तहसीलदार का पैर टूटा; दो लेखपाल घायल, दो हिरासत में
डीएम इंद्रजीत सिंह ने जारी किया बयान, देर रात सूचना मिलते ही एसडीएम सदर ने गठित की थी टीम; दो मुकदमे दर्ज, एक डंपर बरामद
सुल्तानपुर। जनपद में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार रोकने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर खनन में संलिप्त लोगों द्वारा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली नगर क्षेत्र के रामपुर इमिलिया गांव में सोमवार देर रात हुई इस घटना में सदर तहसील के नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दो लेखपाल भी घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रात 11 बजे मिली अवैध खनन की सूचना
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बयान जारी कर बताया कि सोमवार देर रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच एसडीएम सदर के सीयूजी मोबाइल पर कोतवाली नगर क्षेत्र में अवैध खनन होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद नायब तहसीलदार और लेखपालों की टीम को सुरक्षा गार्डों के साथ मौके पर भेजा गया। संबंधित पुलिस चौकी को भी घटना की जानकारी दी गई थी। जब राजस्व टीम मौके पर पहुंची तो अवैध खनन की सूचना सही पाई गई।
डंपर लेकर भागने लगे खननकर्ता, टीम पर किया हमला
डीएम के मुताबिक, मौके पर अवैध खनन कर रहे लोग प्रशासनिक टीम को देखकर डंपर लेकर भागने लगे। इसी दौरान राजस्व टीम पर हमला कर दिया गया। हमले में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका पैर टूट गया। वहीं दो लेखपाल भी चोटिल हुए।
घायल अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई।
दो मुकदमे दर्ज, दो लोग हिरासत में
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना के तत्काल बाद एफआईआर दर्ज कराई गई और मौके पर पुलिस फोर्स भेजी गई। इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा एक डंपर भी बरामद किया गया है।
अवैध खनन के पूरे नेटवर्क की होगी जांच
डीएम इंद्रजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि मिट्टी के अवैध खनन के मामले की गहन जांच कराई जा रही है। इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों और घटना में हमला करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस घटना ने जिले में अवैध खनन के कारोबार और खनन माफिया के दुस्साहस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी जिम्मेदारी निभाने पहुंची राजस्व टीम पर हमला प्रशासनिक व्यवस्था को खुली चुनौती माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कितने चेहरे बेनकाब होते हैं।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और अवैध खनन में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Post a Comment