अटल टिंकरिंग प्रतियोगिता में देवरिया का परचम प्रदेश हासिल किया प्रथम स्थान, परिजनों एवं विद्यालय परिवार में खुशी की लहर
देवरिया। प्रतिभा, तकनीकी कौशल और रचनात्मक सोच के दम पर जनपद देवरिया के विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया की अटल टिंकरिंग प्रयोगशाला की टीम ‘पराक्रमी चिंतक’ ने अटल टिंकरिंग आभासी नवाचार प्रतियोगिता-2026 की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कूटलेखन (कोड डिबगिंग) चुनौती में उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने वाली टीम में विद्यालय की छात्रा कुमारी साक्षी त्रिपाठी एवं छात्र समर प्रकाश मणि त्रिपाठी शामिल हैं।उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 17 नवंबर को आयोजित सीधी प्रश्नोत्तरी में टीम ने चौथा स्थान प्राप्त कर प्रदेश की शीर्ष पांच टीमों में अपनी जगह बनाई थी। इसके पश्चात 25 नवंबर को आयोजित दूसरे चरण की कूटलेखन चुनौती में विद्यार्थियों ने कंप्यूटर आधारित प्रोग्रामिंग, तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच एवं समस्या समाधान कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
इस सफलता से विद्यालय परिवार सहित पूरे जनपद में हर्ष और गौरव का वातावरण है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रामकिंकर मिश्र ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन, तकनीकी प्रतिभा और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उपप्रधानाचार्य श्री महेंद्र प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रथम स्थान पाने वाले दोनों विधार्थी भाई बहन हैं।
यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीकी संसाधनों और निरंतर अभ्यास के माध्यम से जनपद के विद्यार्थी भी प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।
Post a Comment