बीएचईएल के सहयोग से राजकीय आईटीआई में अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को मिलेगा औद्योगिक प्रशिक्षण का अवसर
अमेठी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जगदीशपुर में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के सहयोग से अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत कर विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और रोजगार की संभावनाओं से रूबरू कराया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएचईएल के महाप्रबंधक एवं प्रमुख सुनील कुमार सोमानी रहे। उनके साथ मानव संसाधन विभाग के सहायक महाप्रबंधक शिव प्रकाश सिंह, उत्पादन विभाग के सहायक महाप्रबंधक राघवेंद्र सिंह तथा उत्पादन प्रबंधक मो. सादिक और अचल श्रीवास्तव मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि सुनील कुमार सोमानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे बीएचईएल संस्थान में आकर कार्यस्थल आधारित प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इसके तहत उन्हें वेल्डिंग और फैब्रिकेशन जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक कार्यों का प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इससे उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ेगी और भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
मानव संसाधन विभाग के सहायक महाप्रबंधक शिव प्रकाश सिंह ने औद्योगिक क्षेत्र में अनुशासन, कार्य के प्रति समर्पण, सुरक्षा नियमों के पालन और व्यावहारिक कौशल की अहमियत बताई। वहीं उत्पादन विभाग के सहायक महाप्रबंधक राघवेंद्र सिंह ने आधुनिक उत्पादन प्रक्रिया, तकनीकी गुणवत्ता और औद्योगिक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को लगातार अपने कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया।
उत्पादन प्रबंधक मो. सादिक एवं अचल श्रीवास्तव ने वेल्डिंग, फैब्रिकेशन, मशीनों के सुरक्षित संचालन और उत्पादन कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने की बारीकियां समझाईं। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने बीएचईएल के सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से मिलने वाला प्रशिक्षण विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे युवाओं के कौशल विकास के साथ उनके लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। औद्योगिक संस्थान और तकनीकी शिक्षा के बीच यह सहयोग विद्यार्थियों को प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।
Post a Comment