न्यायालय के आदेश के बावजूद निर्माण का आरोप, एसडीएम से कार्रवाई की मांग
तिलोई,अमेठी। तहसील तिलोई क्षेत्र के ग्राम गोरियाना, थाना जायस में भूमि विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण के बावजूद संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने उपजिलाधिकारी तिलोई को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्राम गोरियाना निवासी मोहम्मद शरीफ ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि गाटा संख्या 6122 से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय द्वारा उक्त भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश भी पारित किया गया है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा न्यायालय के आदेश की अनदेखी करते हुए जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहना न केवल कानून की अवहेलना है, बल्कि इससे भविष्य में गंभीर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है। मोहम्मद शरीफ ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि प्रकरण की तत्काल जांच कराई जाए और न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही अवैध निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रुकवाने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में इस प्रकरण को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
Post a Comment