सीवान में पत्रकार पर जानलेवा हमला, पेट में लगी गोली– हालत गंभीर
सिवान। बिहार के सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में दैनिक अखबार के पत्रकार रमेश सिंह पर बेखौफ बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार रमेश सिंह एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनके पेट में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल पत्रकार को तत्काल सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पूरन कुमार झा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि घटनास्थल से एक गोली का खोखा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे जिले में इस घटना को लेकर पत्रकारों और आम लोगों में आक्रोश का माहौल है।
Post a Comment