200 बेड अस्पताल में लापरवाही की तस्वीर, खाली मिला रजिस्ट्रेशन काउंटर, फोटो खींचने पर पत्रकार से धक्का-मुक्की
तिलोई (अमेठी)।जनपद अमेठी के तिलोई स्थित स्ववासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अंतर्गत संचालित 200 बेड अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच अस्पताल में बुजुर्ग एवं दिव्यांग मरीजों के लिए बनाए गए रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। काउंटर पर कुर्सियां खाली पड़ी थीं, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।इसी दौरान मौके पर पहुंचे “विश्व वार्ता समाचार” के तहसील रिपोर्टर ने अस्पताल की इस अव्यवस्था को कैमरे में कैद करने के लिए खाली पड़े रजिस्ट्रेशन काउंटर की तस्वीरें ले लीं। आरोप है कि फोटो खींचते देख वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कर्मचारियों ने पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की की और उनसे तस्वीरें डिलीट करने का दबाव बनाने लगे।बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में रजिस्ट्रेशन काउंटर से जुड़े कुछ कर्मचारी भी शामिल थे। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब अस्पताल में बुजुर्ग और दिव्यांग मरीजों के लिए बनाए गए काउंटर पर भी कर्मचारी समय से मौजूद नहीं रहते।स्थानीय लोगों और मरीजों का कहना है कि अस्पताल में अक्सर इस तरह की लापरवाही देखने को मिलती है, जिससे दूर-दराज से इलाज कराने आए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। पत्रकार के साथ हुई अभद्रता की घटना को लेकर क्षेत्र में नाराजगी भी देखी जा रही है।लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
Post a Comment