सहयोग निशुल्क कोचिंग सेंटर में यूपीएससी परीक्षा की पुस्तकों का वितरण
बिछुआ। क्षेत्र के सहयोग निशुल्क कोचिंग सेंटर में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गोटूल ट्राईबल वेलफेयर सोसाइटी छिंदवाड़ा एवं वन विभाग के अधिकारी मार्तंड सिंह मरावी द्वारा यूपीएससी परीक्षा से संबंधित पुस्तकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से बड़ी से बड़ी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है। मार्तंड सिंह मरावी ने विद्यार्थियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर मिलने पर वे भी देश की बड़ी सेवाओं में अपना स्थान बना सकते हैं। उन्होंने यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को उपयोगी पुस्तकें भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति समर्पित रहने, नियमित रूप से पढ़ाई करने और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने भी इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इन पुस्तकों से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी मदद मिलेगी।कार्यक्रम में कोचिंग सेंटर में डिप्टी रेंजर परसराम उईके, पाला सरयाम, रामदास उईके, प्रमोद श्रीवास, श्रावण कामड़े संचालक एवं कई विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Post a Comment