अनुशासन ही विद्यालय और विद्यार्थी की अनुपम पूंजी है- कौशलेंद्र उर्फ बंटी सिंह
तिलोई,अमेठी। शिक्षा के क्षेत्र में तिलोई विधान सभा को सर्वोत्तम बनाने की दिशा में बीते सोमवार को श्री प्रताप बहादुर सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा फल वितरण का आयोजन किया गया । परीक्षा परिणाम में अव्वल विद्यार्थियों को शील्ड और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजीत सिंह ने बताया कि सार्वजनिक तरीके से परीक्षा फल वितरण करने के बाद बच्चे बहुत प्रेरित होते हैं। बच्चों के अंदर यह भावना बैठ जाती है कि अगली बार मैं भी बेहतर करूंगा जिससे मुझे भी सम्मान प्राप्त हो सके और मैं भी पुरस्कार हासिल कर सकू। कंपटीशन के युग में बच्चों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करना बहुत जरूरी है। प्रधानाचार्य रंजीत सिंह ने आगे बच्चों को प्रेरित करते हुए बताया कि इस विद्यालय में बोर्ड परीक्षा में जो भी अच्छे नंबरों से पास होता है उसे विद्यालय परिवार की तरफ से एक साइकिल उपहार स्वरूप दी जाती है अतः सभी विद्यार्थी मन लगा कर पढ़ाई करें और उपहार प्राप्त करें। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार अर्जुन सिंह भदौरिया ने बच्चों को समझाते हुए अपने अभिभाषण में बताया कि बच्चे छुट्टी के समय सड़क पर चलते हुए पूरी सड़क जाम करके चलते हैं जो कि उनकी अनुशासन हीनता को दर्शाता है। सभी को सड़क के बाएं तरफ चलकर दूसरे की आजादी में विघ्न नहीं डालना चाहिए और सुरक्षित घर पहुंचना चाहिए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे जिला पंचायत सदस्य कौशलेंद्र उर्फ बंटी सिंह ने कहा कि अनुशासन ही विद्यालय और विद्यार्थी की अनुपम पूंजी है। जिस विद्यार्थी के पास अनुशासन नहीं होता है वह जीवन के किसी पायदान पर सफल नहीं हो सकता है। विद्यालय के प्रबंधक प्रेम बहादुर सिंह ने सभी आगंतुक मेहमानों का आभार जताया और समय-समय पर विद्यालय की उन्नति के लिए सुझाव की भी मांग की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संरक्षक अमर बहादुर सिंह, अध्यापक राजाराम, राजकुमार, शुभम प्रजापति, हरिनाम, रवि द्विवेदी, राकेश मौर्य, मोहित तिवारी, संत प्रसाद यादव आदि लोग मौजूद रहे।
Post a Comment