जीआरपी ने मोबाइल चोर को किया गिरफ्तार, रेलवे स्टेशन से दो चोरी के फोन बरामद
केएमबी शंभू नाथ दबे
देवरिया। जीआरपी पुलिस ने देवरिया में मोबाइल चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
रेलवे पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी, पुलिसमहानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश पर यह गिरफ्तारी हुई। जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने 25 अप्रैल 2026 को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन भवन के पास से आरोपी राजकुमार जायसवाल उर्फ राजन (21 वर्ष) को पकड़ा। वह कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के समही बुजुर्ग का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 33 हजार रुपये है। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान चुराता था। चोरी का सामान वह राहगीरों को बेच देता थाऔर उससे मिले पैसों से अपना खर्च चलाता था। पुलिस ने उसे तब पकड़ा जब वह चोरी के मोबाइल बेचने के इरादे से स्टेशन आया था।
इस कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल आनंद प्रकाश यादव और कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव की टीम शामिल थी। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से रेलवे क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।
Post a Comment