काशी विश्वनाथ का अभिषेक, त्रिशूल और बच्चों से मुलाकात, तस्वीरों में देखिए पीएम मोदी का दौरा
केएमबी संवाददाता
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। बरेका गेस्ट हाउस से मंदिर तक के 14 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जनता ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। मंदिर के द्वार पर बटुकों ने शंखनाद और परिसर में डमरू वादन से उनका अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन बाबा विश्वानाथ का आशीर्वाद लेने पहुंचे। बरेका गेस्ट हाउस से काशी विश्वनाथ मंदिर के 14 किलोमीटर के सफर में जगह-जगह पीएम मोदी का स्वागत पुष्प वर्षा से किया गया। विश्वनाथ मंदिर के द्वार पर शंखनाद और परिसर में डमरूवादकों ने अभिनंदन किया। पीएम मोदी ने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का विधिवत अभिषेक किया। गर्भगृह से निकलने पर अभिभावकों के साथ दर्शन करने पहुंचे बच्चों को अपने पास बुलाया और उनसे बातचीत की। गर्भगृह के बाहर ही पीएम मोदी को त्रिशूल और डमरू भेंट किया गया। त्रिशूल लेते ही पीएम ने उसे लहराकर अभिवादन किया।
दर्शन करने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर अनुभव साझा करते हुए लिखा कि काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन का सौभाग्य मिला। यहां भगवान भोलेनाथ से समस्त देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की। मां अन्नपूर्णा एवं मां गंगा के दर्शन से असीम शांति मिली। उनकी कृपा से हर किसी में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। पीएम मोदी का काफिला बरेका गेस्ट हाउस से करीब पौने नौ बजे काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए निकला। बनारस रेलवे स्टेशन के पीछे वाले रास्ते के सामने से होते हुए पीएम मोदी फुलवरिया के उस ओवरब्रिज पर पहुंचे जिसका शिलान्यास और उद्घाटन उन्होंने ही किया था। यहां से सेंट्रल जेल रोड और हॉकी चौराहा से जेपी मेहता होते हुए कचहरी गोलघर पर उनका काफिला पहुंचा। यहां पहले से मौजूद भाजपा कार्य़कर्ताओं ने हर-हर महादेव और जयश्रीराम के उद्घोष से पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान अपनी गाड़ी के अंदर से ही पीएम मोदी कभी हाथ जोड़कर तो कभी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे।
कचहरी से उनका काफिल पुलिस लाइन चौराहा और वहां से खजुरी होते हुए हुकुलगंज तिराहे पर पहुंचा। यहां भी उनका ढोल नगाड़ों और नारों के साथ स्वागत हुआ। यहां से वरुणा नदी पार कर पीएम मोदी तेलियाबाद, जगतगंज होते हुए लहुराबीर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखकर काफी धीमी रफ्तार से लोगों का अभिवादन करते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर बढ़े। कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल से मैदागिन और वहां से काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट चार पर उनका काफिला पहुंचा तो शंखनाद से बटुकों ने स्वागत किया। गेट के अंदर गाड़ी के पहुंचने पर पीएम मोदी पैदल ही गर्भगृह की ओर बढ़े तो डमरू की थाप से स्वागत किया गया। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे बाबा के दर्शनार्थियों ने हर-हर महादेव के जयकारे से उनका स्वागत किया तो पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
यहां से हाथ जोड़े हुए गर्भगृह में प्रवेश किया और बाबा विश्वनाथ का विधिवत पूजन अर्चन किया। पांच पंडितों ने उन्हें पूजा कराई और माला पहनाने के साथ ही त्रिपुंड भी लगाया। पीएम मंदिर से बाहर निकले तो भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किया। प्रधानमंत्री ने त्रिशूल उठाकर लहराया भी। यहीं पर मां अन्नपूर्णा का दर्शन किया और मंदिर चौक से होते हुए गंगा द्वार पर गए। मां गंगा को प्रणाम कर वापस मंदिर चौक से लोगों का अभिवादन करते हुए एयरपोर्ट रवाना हो गए।
Post a Comment