नवागत जिलाधिकारी का विकास और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
सुल्तानपुर। जनपद में नवागत जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद विकास और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार के जिला समन्वयक एवं पर्यावरणविद डॉ. सुधाकर सिंह के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर जनपद की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जनपद के समग्र विकास, जन सुविधाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास केवल आधारभूत ढांचे तक सीमित न रहकर सामाजिक और पर्यावरणीय संतुलन के साथ होना चाहिए। भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक सराहनीय पहल करते हुए पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अभियान भी शुरू किया। उन्होंने स्वयं जल पात्र स्थापित कर जनपदवासियों को प्रेरित किया और अपील की कि सभी लोग अपने घरों, छतों और आस-पास के क्षेत्रों में पक्षियों एवं बेजुबान पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद का समुचित विकास तभी संभव है जब प्रशासन और समाज मिलकर कार्य करें। इसी उद्देश्य से जल्द ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जनपद के बहुआयामी और समग्र विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी। जनपद में इस सकारात्मक पहल को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से सुल्तानपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
Post a Comment