होमगार्ड-पीआरडी जवानों से अभद्रता, यातायात निरीक्षक पर गाली-गलौज का आरोप, नाराज जवानों ने एसपी आवास पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
सुल्तानपुर। जिले में भीषण गर्मी के बीच यातायात व्यवस्था संभाल रहे होमगार्ड और पीआरडी जवानों के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि यातायात निरीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात जवानों से गाली-गलौज कर बात की जाती है, जिससे नाराज होकर दर्जनों जवान सोमवार को एसपी आवास पहुंच गए और न्याय की गुहार लगाई। जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस के साथ होमगार्ड व प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है। ये जवान कड़ी धूप और भीषण गर्मी में घंटों सड़कों पर खड़े होकर यातायात संचालन की जिम्मेदारी निभाते हैं। जवानों का आरोप है कि यातायात निरीक्षक राम निरंजन यादव द्वारा उनके साथ अक्सर अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। ड्यूटी के दौरान ही नहीं, बल्कि ड्यूटी पूरी करने के बाद भी उन्हें गाली देकर धमकाया जाता है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। इस व्यवहार से आहत होकर प्रांतीय रक्षक दल के जवानों ने सामूहिक रूप से एसपी आवास पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत ने उनकी समस्याएं सुनीं और मामले में जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। जवानों ने उम्मीद जताई है कि उन्हें सम्मानजनक माहौल में ड्यूटी करने का अधिकार मिलेगा और दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment