एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन ने डीएम के जरिए प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
अमेठी। एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन (एआईडीए) की जिला इकाई ने खाद, बीज और कीटनाशक व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी अमेठी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन जिलाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ल के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में संगठन ने उर्वरकों की डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में परिवहन का अतिरिक्त बोझ छोटे दुकानदारों पर पड़ता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।इसके अलावा एसोसिएशन ने डीलर मार्जिन बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई, किराया और बिजली खर्च के बावजूद वर्षों से मार्जिन में कोई वृद्धि नहीं की गई है। इससे छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।संगठन ने कीटनाशक दवाओं की गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि सीलबंद उत्पादों के नमूने फेल होने पर केवल खुदरा विक्रेताओं को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उत्पाद की गुणवत्ता के लिए निर्माता कंपनियों की भी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।एसोसिएशन ने ‘साथी पोर्टल’ की जटिल प्रक्रिया पर भी चिंता जताई। व्यापारियों का कहना है कि इसकी अनिवार्यता केवल निर्माण कंपनियों तक सीमित होनी चाहिए, ताकि छोटे बीज विक्रेताओं को राहत मिल सके और व्यापार सुगमता बढ़ाई जा सके।इस दौरान जिला महामंत्री राम किशोर त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष राम किंकर त्रिपाठी, गौरव सिंह, सूबेदार सिंह और जिला कोषाध्यक्ष यतेंद्र प्रताप त्रिपाठी समेत कई व्यापारी मौजूद रहे। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कृषि आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिससे व्यापारियों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो जाएगा।
Post a Comment