देवरिया मेडिकल कॉलेज में बच्ची की मौत पर परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही और मारपीट का आरोप
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में इलाज में कथित लापरवाही के कारण छह माह की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि समय पर उपचार न मिलने से बच्ची ने दम तोड़ दिया।उन्होंने विरोध करने पर अस्पताल कर्मचारियों द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बघौचघाट थाना क्षेत्र के पकहा निवासी रोहित पटेल की छह माह की बेटी आइसा उर्फ लाडो की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे।
परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी से पीआईसीयू वार्ड तक पहुंचने के दौरान कर्मचारियों ने उन्हें कई काउंटरों पर दौड़ाया, जिससे बच्ची के इलाज में देरी हुई। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसके साथ मौजूद दुर्गेश पटेल ने तत्काल इलाज की मांग की। इसी दौरान कुछ कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हो गई और दुर्गेश के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इस हंगामे के बीच बच्ची को समय पर उपचार नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन बच्ची को लेकर सदर कोतवाली क्षेत्र के भगवान चौराहा स्थित अपने घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि यह उनकी पहली संतान थी। उनका कहना है कि यदि समय पर इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने दोषी कर्मचारियों और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल राकेश राय ने पुष्टि की कि मासूम बच्चे की मौत पर परिजनों ने तहरीर दी है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
Post a Comment