ट्रक-पिकअप की टक्कर में साइकिल सवार की दर्दनाक मौत, चार अन्य गंभीर रूप से घायल
अमेठी। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर के दौरान एक साइकिल सवार वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे जा पलटे और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।मृतक की पहचान रामपुर लोकराय गांव निवासी जगनारायण के रूप में हुई है। वहीं पिकअप में सवार 55 वर्षीय सकीना बानो (गोहेर का पुरवा), 45 वर्षीय आसिया (मड़वां), 60 वर्षीय सियाराम (भदैरा) तथा 50 वर्षीय राजा (लाला का पुरवा) गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग को हादसे का मुख्य कारण बताया है।
Post a Comment