बहन की शादी की तैयारी में लगे युवक की नहर में बाइक गिरने से दर्दनाक मौत
देवरिया। बघौचघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सखनी में बुधवार रात एक युवक की मौत हो गई। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी थी। मृतक की पहचान सखनी निवासी दुर्गेश मधेशिया (32 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दुर्गेश मधेशिया बुधवार रात अपनी बहन की चार वर्षीय बेटी आरुषि को बाइक पर बैठाकर घुमाने निकले थे। सखनी नहर मार्ग पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस दौरान युवक का सिर कीचड़ में धंस गया। सुनसान इलाका होने के कारण घटना का तत्काल पता नहीं चल सका। कुछ देर बाद मासूम बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। परिजनों ने दोनों को नहर से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा ले गए। वहां से गंभीर हालत में दुर्गेश को जिला अस्पताल देवरिया रेफर किया गया। परिजन उसे देवरिया के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। बच्ची आरुषि सुरक्षित बताई जा रही है।
दुर्गेश के निधन से उनके परिवार में शोक व्याप्त है। उनकी पत्नी सोनी देवी और चार वर्षीय बेटी आरोही हैं। दुर्गेश तीन भाइयों में सबसे बड़े और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह मुंबई में सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके अन्य दो भाई सूरज और विनोद घर पर रहते हैं। दुर्गेश कुछ दिन पहले हीअपनी बहन की शादी में शामिल होने घर आए थे।मृतक की बहन आशा की शादी 28 अप्रैल को तय थी, जिसका तिलक 25 अप्रैल को होना था। शादी की तैयारियों की पूरी जिम्मेदारी दुर्गेश पर ही थी।
Post a Comment