आत्मनिर्भर महिलाओं व महिला पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित
गौरीगंज, अमेठी। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को रिसोर्स सेंटर गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी महिलाओं के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अमेठी एवं पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने प्रतिभाग किया।इस दौरान व्यावसायिक उद्यम के माध्यम से न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनीं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने वाली महिला मुख्य आरक्षियों एवं महिला आरक्षियों को भी उनकी कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भाव और सराहनीय कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता ही सशक्त भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत, लगन और निष्ठा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान जनपद की दक्ष महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए। महिला आरक्षियों ने डेमो के माध्यम से बताया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति या अचानक होने वाले हमले के समय घबराए बिना अपनी सुरक्षा किस प्रकार की जा सकती है। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और छात्राओं ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। मिशन शक्ति के इस आयोजन ने महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का संदेश दिया।
Post a Comment