बे-मौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर, किसानों की तैयार गेहूं की फसल बर्बाद
शुकुल बाजार, अमेठी।जनपद अमेठी के शुकुल बाजार क्षेत्र में बीते एक सप्ताह के भीतर हुई दो बार की भारी बे मौसम बारिश ने किसानों को गहरे संकट में डाल दिया है। अचानक हुई इस बारिश ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया, जिससे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं।स्थानीय किसानों के अनुसार, इस वर्ष पहले से ही गेहूं की फसल उम्मीद के मुताबिक नहीं थी। दाने अपेक्षाकृत छोटे और हल्के होने के कारण उपज कम होने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में लगातार दो बार हुई तेज बारिश ने बची-खुची फसल को भी नुकसान पहुंचाया। खेतों में पानी भर जाने से गेहूं की बालियां झुक गईं और कई स्थानों पर फसल जमीन पर गिरकर सड़ने लगी है।किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसल की लागत तक निकाल पाना अब मुश्किल नजर आ रहा है। कई किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, जिसे चुकाना अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र का शीघ्र सर्वे कराकर फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके। किसानों ने यह भी अपील की है कि सरकार प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए, जिससे भविष्य में इस तरह की परिस्थितियों से निपटा जा सके।
बे मौसम बारिश ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि खेती आज भी पूरी तरह प्रकृति पर निर्भर है और थोड़ी सी भी मौसम की मार किसानों की आर्थिक स्थिति को हिला कर रख देती है।
Post a Comment