अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, तीन की दर्दनाक मौत, दो गंभीर घायल, कटर मशीन से गेट काटकर निकाले शव
देवरिया। सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार में सवारलोग बिहार से देवरिया के एक गांव में बारात में शामिल होने जा रहे थे। हाजी मार्केट मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी और कटर मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को हटाया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो अन्य व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल देवरिया रेफर किया गया है। मृतकों में से एक की पहचान करण कुशवाहा पुत्र राजकुमार, निवासी रूपही, थाना बीटहां, जिला चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों और घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल कुशीनगर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अत्यधिक तेज गति में थी। सेमरी मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बचा था, जिसके कुछ ही दूरी पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे पेड़ से जा टकराई। प्रभारी एसएसआई अरविंद यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गईथी। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाला अमित कुशवाहा (14) पुत्र बालेश्वर कुशवाहा अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह रिश्तेदारी में बहन की शादी में शामिल होने के लिए देवरिया आया हुआ था। परिवार में उसकी मां रेखा देवी, भाई सुमित तथा बहनें सलोनी और ज्ञांती हैं। अमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
करन कुशवाहा (17) पश्चिमी चंपारण, बिहारके थाना क्षेत्र के रुपए गांव का रहने वाला था। करण अपने तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता राजकुमार ने बताया कि करन इस साल हाईस्कूल (दसवीं) की परीक्षा देने वाला था। वह पढ़ाई के साथ परिवार की उम्मीदों का केंद्र था। परिवार में मां सरिता देवी, बड़ी बहन अंजलि और छोटी बहनें अनीशा व अमृता हैं। करन की मौत की खबर मिलते ही मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
Post a Comment