आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर लटक रहा ताला, स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने से मरीज परेशान
तिलोई,अमेठी। विकासखंड सिंहपुर क्षेत्र के जेहटा उसराहा गांव में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर हमेशा ताला लटकने का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र पर नियमित रूप से ताला बंद रहता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, सरकार द्वारा गांव स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना की गई थी, ताकि लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। लेकिन जेहटा उसरहा में बना यह केंद्र अपनी बदहाल व्यवस्था और बंद ताले के कारण लोगों के लिए बेकार साबित हो रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोग्य मंदिर कभी समय से नहीं खुलता और अधिकांश दिनों में यहां ताला लटका रहता है। इससे मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या दूर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोग्य मंदिर को नियमित रूप से संचालित कराया जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
Post a Comment