दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर-बाइक टक्कर में बीटेक छात्र की दर्दनाक मौत, मां और बहनोई घायल
अमेठी के जायस कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीटेक छात्र दीपक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां विपाता और बहनोई महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना बहादुरपुर-मोहनगंज मार्ग पर गंगागढ़ के पास हुई, जहां बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, दीपक अपनी मां और बहनोई के साथ बेलवा हसनपुर गांव में अपने मामा के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान मोहनगंज की ओर से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग सड़क किनारे नाले में जा गिरे।
हादसे में दीपक के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी मां और बहनोई भी बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।
रायबरेली जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि वह लखनऊ में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और एक दिन पहले ही घर आया था। वहीं, घायल महेश का इलाज एम्स में चल रहा है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची जायस पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया और यातायात बहाल कराया। थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Post a Comment