श्रमिक दिवस पर श्रमिकों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी
अमेठी। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रमिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री के संबोधन के सजीव प्रसारण से हुई, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। वक्ताओं ने श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी ने कहा कि सरकार श्रमिक वर्ग के उत्थान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं में पंजीकरण कर लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि जनपद प्रशासन श्रमिक हितों के संरक्षण और उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों को अटल आवासीय विद्यालय योजना, श्रमिक पंजीकरण, मातृत्व लाभ, कन्या विवाह सहायता, चिकित्सा सहायता एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय में चयनित बच्चों के अभिभावकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
Post a Comment