दरौंदा थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, शराबबंदी व अपराध नियंत्रण पर सख्त निर्देश
केएमबी मुकुल बरनवाल
सीवान। एसपी पूरन कुमार झा ने शुक्रवार को दरौंदा थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था की स्थिति तथा लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, एसपी ने सबसे पहले थाना की भौतिक स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, सीरिस्ता, हाजत, मालखाना एवं थाना कार्यालय का बारीकी से अवलोकन किया। थाना में रखे अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने अद्यतन संधारण करने का निर्देश दिया। वहीं मालखाना में जब्त सामानों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने बॉर्डर क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अपराध नियंत्रण पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून को हर हाल में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने थाना पुलिस को नियमित रूप से दिन और रात में गश्ती अभियान चलाने, संदिग्ध वाहनों की जांच करने तथा बैंक और सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने फरार अपराधियों, वारंटियों एवं दागी अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर जोर देते हुए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
इसके अलावा लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को समयबद्ध तरीके से मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए और थाना आने वाले फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित हो।
औचक निरीक्षण को लेकर पुलिस महकमे में पूरे दिन चर्चा होती रही। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को उम्मीद है कि इस तरह के निरीक्षण से थाना की कार्यप्रणाली में और सुधार आएगा तथा अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी।
Post a Comment