धरनी छापर चेकपोस्ट पर मैरवा पुलिस ने 90 लाख की शराब की खेप को किया बरामद, चालक गिरफ्तार
सिवान। मैरवा थाना क्षेत्र के धरनी छापर चेकपोस्ट पर पुलिस ने शुक्रवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 90 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब की खेप बरामद की है। शराब को रद्दी कपड़ों के अंदर छिपाकर ट्रक से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान धरनी छापर चेकपोस्ट पर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। तलाशी लेने पर ट्रक में रद्दी कपड़ों के नीचे भारी मात्रा में पंजाब निर्मित विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 7,644 लीटर है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई जा रही है। यह शराब पंजाब से लोड होकर हाजीपुर भेजी जा रही थी। मैरवा थाना के वर्तमान थानाध्यक्ष राहुल कुमार के कार्यकाल में यह अब तक की सबसे बड़ी शराब बरामदगी मानी जा रही है। गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान निवासी वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। कॉल डिटेल से खुलेगा शराब माफियाओं का नेटवर्क सूत्रों के मुताबिक पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और संदिग्ध नंबरों को खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पंजाब में ट्रक में शराब किसने लोड करवाई थी और हाजीपुर में यह खेप किस शराब माफिया तक पहुंचाई जानी थी। इस मामले में थानाध्यक्ष ने बताया कि नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान ट्रक को रोका गया था। शक होने पर तलाशी ली गई, जिसमें शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
धरनी छापर चेकपोस्ट पर हुई इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Post a Comment