गुठनी में संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में कोडिन कफ सिरप बरामद, ट्रक जप्त, ड्राइवर व खलासी फरार
गुठनी (सीवान)। गुठनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को पकड़कर उसमें से भारी मात्रा में कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में लाया। वहीं, ट्रक का चालक और खलासी पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई को देखते ही ट्रक में सवार चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को ट्रक के अंदर संदिग्ध सामान होने की आशंका हुई।
पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसके अंदर बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद हुआ। बरामद कफ सिरप को लेकर पुलिस ने तत्काल ट्रक को अपने कब्जे में लिया और उसे गुठनी थाना परिसर में लाया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर दयानंद प्रसाद सिंह और रविशंकर सिंह भी गुठनी थाना पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रक को खाली कराया गया तथा बरामद कफ सिरप की जांच की गई। पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी अब बरामद दवा की वास्तविक मात्रा, उसके दस्तावेज और खेप से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं।पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही ट्रक के चालक और खलासी की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने बरामद कफ सिरप की सटीक मात्रा और मामले से जुड़े अन्य विवरणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है।
Post a Comment