⚡ ब्रेकिंग News

इंग्लिश गांव में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हथियार, कारतूस और बाइक के साथ तीन गिरफ्तार, एक फरार, मैरवा में संयुक्त छापेमारी से अपराधियों में मचा हड़कंप

इंग्लिश गांव में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई:
हथियार, कारतूस और बाइक के साथ तीन गिरफ्तार, एक फरार, मैरवा में संयुक्त छापेमारी से अपराधियों में मचा हड़कंप

केएमबी मुकुल बरनवाल 
मैरवा (सीवान)। सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के इंग्लिश गांव में STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हथियारों के साथ तीन बदमाशों की गिरफ्तारी से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से देसी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, खोखा, एयर गन, मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंग्लिश गांव में कुछ संदिग्ध युवक हथियारों के साथ जुटे हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मैरवा थाना पुलिस, जिला तकनीकी शाखा और STF की संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से गांव में छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपितों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान इसरार खान, अहमद रजा खान और मोजाहिदीन खान के रूप में हुई है। वहीं विकास राजभर नामक आरोपित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 27 जिंदा कारतूस, छह खोखा और एक एयर गन बरामद किया। इसके अलावा कई मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस बरामद मोबाइल फोन के जरिए आरोपितों के नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस संबंध में मैरवा थाना कांड संख्या 235/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी की गई है। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...