⚡ ब्रेकिंग News

थाने के सामने फायरिंग,जमीन पर कब्जे के विवाद में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

थाने के सामने फायरिंग,जमीन पर कब्जे के विवाद में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

केएमबी खुर्शीद अहमद
शुकुल बाजार,अमेठी। थाना परिसर के सामने स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की विवादित भूमि को लेकर हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब जमीन पर कब्जे के प्रयास का विरोध करने पर कथित रूप से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
भटपुरवा निवासी निर्मला देवी पत्नी शिव कुमार शर्मा की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, गाटा संख्या 813 में स्थित उनकी बंद दुकान में कुछ लोगों ने पीछे से सेंध लगाकर जबरन प्रवेश किया और कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जान बचाने के लिए उन्हें मौके से भागना पड़ा।
घटना की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विवादित संपत्ति बाजारशुक्ल थाने के ठीक सामने स्थित है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी ओम सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बाजारशुक्ल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में प्रकाश में आए 4 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अमेठी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान मुखबिर की सूचना पर स्कॉर्पियो वाहन संख्या यूपी-42 एमके-0707 को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार अविनाश सिंह उर्फ हैप्पी सिंह, अश्वनी सिंह उर्फ लकी सिंह, प्रहलाद सिंह तथा शिवबरदान सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया। जांच के दौरान वाहन के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। तलाशी लेने पर शिवबरदान सिंह के कब्जे से एक 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, चार जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में शिवबरदान सिंह ने पुलिस को बताया कि बरामद रिवॉल्वर हरिओम सिंह उर्फ गोलू की है। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर उसकी वैधानिकता और घटना में संभावित उपयोग की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है, पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...