प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया अमेठी में विकास कार्यों की समीक्षा की
कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया
अमेठी। जनपद की प्रभारी मंत्री एवं महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतिभा शुक्ला ने बुधवार को अमेठी के अपने प्रथम दौरे पर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। गौरीगंज स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत के उपरांत प्रभारी मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी संजय सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी पूजा पाल, पुलिस अधीक्षक सरवानन टी., मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास और जनकल्याण है। सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर प्रभारी मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष रखा।प्रभारी मंत्री के प्रथम दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया और जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
Post a Comment