सीवान पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में टॉप-10 अपराधी गिरफ्तार
केएमबी मुकुल बरनवाल
सीवान। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीवान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नौतन थाना क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई में जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अपराधी बंटी कुमार सिंह उर्फ श्वेता सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 3 जून को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर STF, जिला आसूचना इकाई तथा नौतन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए खलवा गांव निवासी बंटी कुमार सिंह को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट तथा अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर मामलों सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त नौतन थाना कांड संख्या 299/24 में भी वांछित था। इसके अतिरिक्त वर्ष 2018 से लेकर 2025 तक उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस अभियान में STF टीम, जिला आसूचना इकाई सीवान तथा नौतन थाना के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीवान पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा फरार एवं वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment