मोहर्रम पर्व को लेकर डीएम-एसपी ने शहर में किया फ्लैग मार्च एवं दिए सख्त निर्देश
सुलतानपुर, 25 जून। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च शाहगंज चौराहे से प्रारंभ होकर घंटाघर चौक तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों तथा संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, धर्मगुरुओं और प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित कर मोहर्रम के दौरान शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शरारती तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। फ्लैग मार्च में एडीएम प्रशासन रत्नप्रिया,एसडीएम सदर उत्तम तिवारी, तहसीलदार सदर देवानन्द तिवारी,अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त, नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा तथा संबंधित चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Post a Comment