कमरौली पुलिस ने रिसेप्शन समारोह में युवक की हत्या का किया खुलासा, युवती समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
अमेठी। कमरौली थाना क्षेत्र में रिसेप्शन समारोह के दौरान हुए खूनी संघर्ष में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, लाठी और बांस का डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, दो दिन पूर्व क्षेत्र के एक गांव में आयोजित रिसेप्शन कार्यक्रम के दौरान डांस करते समय एक बच्चे की शर्ट फट जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए। संघर्ष में कई लोग घायल हुए, जिनमें गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश चौहान की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। कमरौली थाना प्रभारी मुकेश कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सहजराम (62), पारसनाथ (33), विष्णु (20), बालक लाल (29) तथा लक्ष्मी (18) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम पूरे मोलना, मजरे बरखुर्दा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, लाठी और बांस का डंडा बरामद कर लिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर छह लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। कमरौली पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना भी जारी है।
Post a Comment