राशन कार्ड बनवाने के नाम पर करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, विधायक से न्याय की गुहार
अमेठी। तहसील मुसाफिरखाना अंतर्गत विकासखंड जगदीशपुर के ग्राम कठौरा निवासी एक बुजुर्ग ने राशन कार्ड बनवाने के नाम पर धोखे से करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन अपने नाम कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने स्थानीय विधायक से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है।ग्राम कठौरा निवासी बुजुर्ग साहबलाल का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनका राशन कार्ड बनवाने का झांसा दिया। इस दौरान उन्हें कथित रूप से नशीली चाय पिलाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर अथवा अंगूठा लगवा लिया गया और बाद में उनकी कीमती जमीन का बैनामा करा लिया गया। बुजुर्ग का कहना है कि वह अशिक्षित हैं और उन्हें इस पूरे प्रकरण की जानकारी काफी समय बाद हुई।मामले की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने तहसील प्रशासन से शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) एवं तहसीलदार ने संबंधित भूमि की रजिस्ट्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी से मिला। परिवार के सदस्यों ने भावुक होकर विधायक के समक्ष अपनी पीड़ा रखी और निष्पक्ष जांच की मांग की। विधायक सुरेश पासी ने मामले को गंभीर बताते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
Post a Comment