देवरिया के सीआईएसएफ हेड कांस्टेबल का निधन, पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
देवरिया। जिले की ग्रामसभा दनउर के ऊसरहवा टोला निवासी सीआईएसएफ हेड कांस्टेबल मनोज कुमार यादव का रांची में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उनकी मृत्यु हार्ट अटैक के कारण हुई। जवान के असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मनोज कुमार यादव वर्तमान में रांची में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों द्वारा उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने हार्ट अटैक को उनकी मृत्यु का कारण बताया है। दिवंगत मनोज कुमार यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में पत्नी सविता देवी, पुत्र विनय यादव और रंजीत यादव तथा पुत्रियां कुमारी प्रियंका और कुमारी सोनम हैं। वे स्वर्गीय राम अवध यादव के पुत्र थे। उनके निधन से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जैसे ही उनके निधन की सूचना पैतृक गांव ऊसरहवा टोला पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। दिवंगत जवान का अंतिम संस्कार आज सुबह उनके पैतृक गांव स्थित छोटी गंडक नदी तट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है। मनोज कुमार यादव की सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रतिसमर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।
Post a Comment