तहसील बरामदे की छत का प्लास्टर गिरा, मां-बेटी समेत तीन फरियादी घायल, परिसर में अफरा-तफरी का माहौल
अमेठी। तहसील परिसर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तहसील में स्थित लेखपाल कक्ष के बरामदे की छत का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटी समेत तीन फरियादी घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। उस समय लेखपाल कक्ष के बरामदे में कुछ फरियादी मौजूद थे। अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में शिवानी पत्नी श्याम बहादुर पाल निवासी पूरे बालदू सिंह, विकास खंड भेंटुआ, उनकी दो वर्षीय पुत्री अव्यांशी तथा अंबा सिंह निवासी बड़गांव घायल हो गए। इनमें शिवानी को अधिक चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार को तहसील समाधान दिवस होने के कारण अधिकतर फरियादी और अधिवक्ता समाधान दिवस कक्ष में मौजूद थे। जिस स्थान पर प्लास्टर गिरा, वहां अधिवक्ताओं के तख्त लगे रहते हैं और सामान्य दिनों में लोगों की काफी भीड़ रहती है। ऐसे में समय रहते भीड़ न होने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, तहसील भवन की जर्जर स्थिति को लेकर लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और मरम्मत की मांग उठाई है।
Post a Comment