⚡ ब्रेकिंग News

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क: IG ने तैयारियों का लिया जायजा,17 केंद्रों पर सुरक्षा के त्रिस्तरीय इंतजाम

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क: IG ने तैयारियों का लिया जायजा,17 केंद्रों पर सुरक्षा के त्रिस्तरीय इंतजाम
  

केएमबी संजय सिंह
प्रतापगढआरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि जनपद में 8 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा के लिए कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,808 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। आईजी अजय कुमार मिश्रा ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने उड़नदस्तों को सक्रिय रखते हुए परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाने पर जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय सहित सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं जिला नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। पीआरवी-112 तथा अभिसूचना इकाइयों को भी पूरी तरह सतर्क रहने के लिए कहा गया। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बनने दी जाए और अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भरोसा दिलाया कि पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। समीक्षा बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...