हिंद टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, 30 लाख का सामान जलकर राख
अमेठी। जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महमदपुर कस्बे में सोमवार सुबह अज्ञात कारणों से हिंद टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 30 लाख रुपये का टेंट और अन्य सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने गोदाम से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देखीं। उन्होंने तत्काल टेंट हाउस के मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मालिक ने गोदाम में लगी भीषण आग देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही जगदीशपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दुकान के मालिक माशूक में बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। स्थानीय लोगों की भी मौके पर भारी भीड़ जुटी रही।
Post a Comment