⚡ ब्रेकिंग News

गौ रक्षा सेवा सम्मान आह्वान के तहत एसडीएम सदर को सौंपा गया 30 सूत्रीय महाज्ञापन

गौ रक्षा सेवा सम्मान आह्वान के तहत एसडीएम सदर को सौंपा गया 30 सूत्रीय महाज्ञापन

केएमबी संवाददाता
 सुलतानपुर। गौ रक्षा वाहिनी उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित "गौ रक्षा सेवा सम्मान आह्वान" अभियान के अंतर्गत सोमवार को प्रदेश प्रभारी एवं सनातन विचारक सर्वेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी सुलतानपुर को संबोधित 30 सूत्रीय विस्तृत महाज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर गरिमा सोनकिया को सौंपा गया। ज्ञापन में गौ माता को "राष्ट्र माता" घोषित करने की संस्तुति, जनपद की गौशालाओं की बदहाल व्यवस्था में सुधार, घायल एवं बेसहारा बेजुबान पशुओं के उपचार, पशु बाजारों की जांच, गौ तस्करी पर कठोर कार्रवाई तथा पशु कल्याण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
प्रदेश प्रभारी एवं सनातन विचारक सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना का आधार हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजकर गौ माता को "राष्ट्र माता" घोषित किया जाए। साथ ही जनपद की सभी गौशालाओं का विशेष निरीक्षण कराया जाए, उनकी वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए तथा जहां भी लापरवाही, भ्रष्टाचार या पशुओं की उपेक्षा मिले, वहां जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सर्वेश कुमार सिंह ने यह भी मांग की कि जनपद में संचालित सभी पशु बाजारों को चिन्हित कर उनकी वैधता, लाइसेंस, अभिलेख एवं गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके लिए "बेजुबान पशु संरक्षण, गौशाला निगरानी एवं पशु बाजार जांच समिति" का गठन किया जाए तथा उसमें गौ रक्षा वाहिनी सहित सक्रिय गौसेवी संगठनों को प्रतिनिधित्व दिया जाए, जिससे निगरानी व्यवस्था पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।
प्रदेश महामंत्री जयशंकर दुबे ने कहा कि घायल एवं बेसहारा गौवंश तथा अन्य बेजुबान पशुओं के लिए प्रत्येक विकासखंड स्तर पर पशु एम्बुलेंस, 24 घंटे आपातकालीन हेल्पलाइन, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम तथा जिला पशु चिकित्सालय में ट्रॉमा सेंटर, रिकवरी सेंटर एवं अस्थायी आश्रय गृह की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह गौशालाओं का सामाजिक ऑडिट एवं प्रशासनिक समीक्षा अनिवार्य रूप से कराई जाए।
मुख्य संरक्षक राकेश सिंह "दद्दू" ने कहा कि गौ तस्करी, पशु क्रूरता एवं अवैध वध के मामलों में कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी गौशालाओं में पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सकीय सुविधाएं, सीसीटीवी निगरानी तथा नियमित निरीक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग की, ताकि कोई भी बेजुबान पशु उपेक्षा का शिकार न हो।
महाज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की संस्तुति, गौशालाओं की विशेष जांच, पशु बाजारों का सत्यापन, गौ रक्षा वाहिनी को समिति में प्रतिनिधित्व, 24 घंटे पशु हेल्पलाइन, प्रत्येक ब्लॉक पर पशु एम्बुलेंस, रेस्क्यू टीम, ट्रॉमा सेंटर, रिकवरी शेड, सामाजिक ऑडिट, सीसीटीवी व्यवस्था, पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता, आवारा पशुओं से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा जनपद सुलतानपुर को पशु संरक्षण के क्षेत्र में प्रदेश का आदर्श जनपद बनाने सहित 30 महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री जयशंकर दुबे, मुख्य संरक्षक राकेश सिंह "दद्दू", संरक्षक मोंटी मिश्रा, जिला संयोजक उदय प्रकाश मिश्रा, अंकित अग्रहरि (अध्यक्ष, बृजरानी गौ सेवा समिति), पूनम सिंह (महिला जिला अध्यक्ष), बृजेश श्रीवास्तव "बंटू" (जिला उपाध्यक्ष), प्रदीप कसौधन, मुकेश कसौधन, किरण सोनी, शशिधर द्विवेदी, अनिल अग्रहरि, लकी बरनवाल, रजनी सिंह, राजवीर श्रीवास्तव, गोलू यादव सहित गौ रक्षा वाहिनी उत्तर प्रदेश के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उप जिलाधिकारी सदर गरिमा सोनकिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन को जिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...