दूषित पानी पीने से 50 से 60 ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति सामान्य
बिछुआ,छिंदवाड़ा 6 जुलाई। विकासखंड बिछुआ के ग्राम पंचायत जमुनिया खुर्द अंतर्गत ग्राम पिपरिया खुर्द में सोमवार को कुएं का दूषित पानी पीने से करीब 50 से 60 ग्रामीण उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछुआ के प्रभारी डॉ. निलेश सिडाम के निर्देशन में डॉ. बी.जी. पन्द्रे के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम, पंचायत अमला तथा आशा कार्यकर्ता तत्काल गांव पहुंचे। स्वास्थ्य दल ने प्रभावित लोगों की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। गंभीर मरीजों पर विशेष निगरानी रखी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण कुएं में बाहरी गंदा पानी मिल जाने से जल दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दूषित पानी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी प्रभावित ग्रामीणों का उपचार कर दिया गया है और अधिकांश की हालत सामान्य है। विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए है तथा ग्रामीणों को उबालकर एवं स्वच्छ पानी पीने, साफ-सफाई रखने तथा उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में है और गांव में एहतियात के तौर पर सतर्कता बरती जा रही है।
Post a Comment