एक दिन दो स्थान हरियाली का संकल्प: मीडिया संगठन मध्यप्रदेश ने केदारनाथ धाम और मातृकृपा गौशाला में किया वृहद पौधारोपण
केएमबी ब्यूरो श्रावण कामड़े छिन्दवाड़ा। पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देते हुए मीडिया संगठन मध्यप्रदेश ने सोमवार को जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया। श्री श्री राकेशानंद महाराज के सानिध्य में केदारनाथ धाम, मोटार तथा मातृकृपा गौशाला, बंटाबोह (ग्राम पंचायत तिवड़ा कामथ) में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
केदारनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। धार्मिक स्थलों को हरा-भरा बनाकर समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा सकता है।
वहीं मातृकृपा गौशाला, बंटाबोह में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। गौशाला परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरेंद्र साहू, गयाप्रसाद सोनी, मनेश साहू, सुरेन्द्र सोनी, अनिल राठौर, ऋषी सोनी, अंकिता शर्मा, निर्मला पहाड़े एवं डॉ. खुशी पवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लोकहित जनकल्याण समिति एवं जनसेवा हिताय संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में गौशाला प्रबंधन एवं आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगी संगठनों और मीडिया संगठन मध्यप्रदेश की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है।
Post a Comment