प्लॉट विवाद ने पकड़ा तूल, महिला ने लगाए गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री व पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
अमेठी। थाना मोहनगंज क्षेत्र में एक प्लॉट विवाद को लेकर महिला ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस पर लगभग दो लाख रुपये के लेनदेन संबंधी मामले की शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर कथित रूप से उसके पति को झूठे मुकदमे में फंसाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का यह भी आरोप है कि थाने में दबाव बनाकर उससे स्टाम्प पेपर पर जबरन सुलहनामा लिखवाया गया। पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित व्यक्तियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।
Post a Comment