⚡ ब्रेकिंग News

मान्धाता पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 32.5 टन चोरी की सरिया बरामद, पांच गिरफ्तार, दो फरार

मान्धाता पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 32.5 टन चोरी की सरिया बरामद, पांच गिरफ्तार, दो फरार

केएमबी ब्यूरो संजय सिंह 
प्रतापगढ़। जिले की मान्धाता पुलिस ने चोरी की सरिया के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 32.5 मीट्रिक टन सरिया बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वाले माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व थाना प्रभारी मान्धाता धनंजय राय ने किया। मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के कोडरमा से महाराष्ट्र के सतारा के लिए 41.760 मीट्रिक टन सरिया लेकर निकला ट्रक अपने निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। ट्रक चालक द्वारा बार-बार अलग-अलग लोकेशन बताने पर कंपनी को संदेह हुआ और तहरीर के आधार पर मान्धाता थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी धनंजय राय की टीम ने जांच शुरू की। सर्विलांस और पूछताछ के बाद पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर चोरी गई सरिया बरामद की। पुलिस ने इस मामले में धर्मेन्द्र पटेल, अरविन्द यादव, नौशाद, संजय शुक्ला उर्फ सुशील शुक्ला और रामअजोर पटेल को गिरफ्तार किया है। वादी ने बरामद सरिया की पहचान अपने चोरी गए माल के रूप में की है। पुलिस के अनुसार रामअजोर पटेल के बेसमेंट से 16 टन, देवीशंकर मिश्रा की दुकान से 4.5 टन, अरविन्द यादव के कब्जे से 3 टन, नौशाद के गोदाम से 3 टन, राजकुमार त्रिपाठी की दुकान से 3 टन, धर्मेन्द्र पटेल के गोदाम से 1.5 टन, संजय शुक्ला के गोदाम से 1.5 टन सरिया बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार राजकुमार त्रिपाठी और देवीशंकर मिश्रा मौके से फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। विवेचना में कुछ और नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी धनंजय राय के साथ उपनिरीक्षक अनूप यादव, कांस्टेबल शिवराम मिश्रा, कांस्टेबल हरिपाल, महिला कांस्टेबल पूजा यादव-1 तथा चालक एवं अपर उपनिरीक्षक रतन लाल त्रिपाठी की टीम शामिल रही। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। मान्धाता पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...