⚡ ब्रेकिंग News

पीएचसी वलीपुर में स्वास्थ्य कर्मियों का टोटा, कुत्ते ने नोच डाली कुर्सी-गद्दे, पांच साल से स्वीपर नहीं

पीएचसी वलीपुर में स्वास्थ्य कर्मियों का टोटा, कुत्ते ने नोच डाली कुर्सी-गद्दे, पांच साल से स्वीपर नहीं

आठ साल से फार्मासिस्ट का पद खाली, वार्ड ब्वाय का भी हुआ तबादला

केएमबी जगन्नाथ मिश्रा वल्दीराय सुल्तानपुर। तहसील क्षेत्र बल्दीराय के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वलीपुर में स्वास्थ्य कर्मियों की भारी कमी के चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में लंबे समय से महत्वपूर्ण पद खाली पड़े हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है। बताया जाता है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पांच वर्षों से स्वीपर का पद खाली है, जबकि करीब आठ वर्षों से फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं हुई है। हाल ही में अस्पताल में तैनात वार्ड ब्वाय का भी स्थानांतरण कर दिया गया। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाओं का संचालन सीमित कर्मचारियों के भरोसे रह गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आयुष चिकित्सक डॉ. राजीव गुप्ता भी अक्सर अस्पताल से नदारद रहते हैं। वहीं स्टाफ नर्स सविता तथा पैथोलॉजी में कार्यरत विजय मार्शल पर अस्पताल की व्यवस्थाओं का काफी दारोमदार है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कर्मचारियों की कार्यशैली में भी अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई देती और लापरवाही के कारण अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लापरवाही का हालिया मामला उस समय सामने आया जब अस्पताल बंद करते समय एक कुत्ता अंदर ही बंद रह गया। रातभर अस्पताल के अंदर रहे कुत्ते ने वहां रखी कुर्सियों और गद्दों को नोच-नोचकर फाड़ डाला। खास बात यह है कि हाल ही में अस्पताल की डेंटिंग-पेंटिंग कराकर भवन की स्थिति सुधारने का प्रयास किया गया था। ऐसे में अस्पताल की संपत्ति की इस तरह दुर्दशा होने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के इस स्वास्थ्य केंद्र पर बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए निर्भर हैं। ऐसे में चिकित्सकों और अन्य जरूरी स्वास्थ्य कर्मियों की कमी दूर नहीं हुई तो मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत भूषण से दूरभाष पर बात की गई तो उन्होंने समस्या को जटिल बताते हुए कहा कि शीघ्र ही समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। Qअब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग पीएचसी वलीपुर में लंबे समय से चली आ रही कर्मियों की कमी को कब तक दूर करता है और अस्पताल की व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...